पूर्व क्रिकेटर सुरेंद्र खन्ना का धौलपुर दौरा:अंडर-16 राजस्थान विजेता टीम को किया सम्मानित, खिलाड़ियों को दिए सफलता के मंत्र

धौलपुर जिला क्रिकेट संघ ने शुक्रवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया। समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सुरेंद्र खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता धौलपुर टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में रणजी खिलाड़ी विनय सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सुरेंद्र खन्ना और विनय सिंह का पारंपरिक तरीके से साफा, माला और मोमेंटो देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को ट्रैक सूट भी वितरित किए गए। सुरेंद्र खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने का काम करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि चाहे खेल हो या पढ़ाई, लक्ष्य को सर्वोपरि रखना सफलता की पहली सीढ़ी है। जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि सीमित संसाधनों के बाद खिलाड़ियों की मेहनत के चलते अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। संघ के सचिव सुमेंद्र तिवारी ने जिले में क्रिकेट को और बढ़ावा देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बीसीसीआई कोच दुष्यंत त्यागी, सुरजीत सिंह, जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष भूपेंद्र राणा, सचिव सुमेंद्र तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह राजोरिया, विनोद पाठक, पूर्व क्रिकेटर चन्द्रमोहन त्रिवेदी, विनोद तिवारी, राहुल राणा, देवेंद्र कुंतल, अभिषेक गोला, संजीव कुमार सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *