अनूपपुर में चौकीदार को 18 महीने से नहीं मिला वेतन:बीट गार्ड पर राशि हड़पने का आरोप, कलेक्टर से शिकायत

अनूपपुर जिले के वन परिक्षेत्र कोतमा अंतर्गत धुरवासिन बीट में पदस्थ चौकीदार बाबूलाल सिंह ने 18 महीने का वेतन न मिलने की शिकायत की है। उन्होंने कलेक्टर हर्षल पंचोली को दिए आवेदन में तत्कालीन बीट प्रभारी और वन रक्षा समिति के तत्कालीन सचिव पर वेतन की राशि हड़पने का आरोप लगाया है। बाबूलाल सिंह ने कलेक्टर और डीएफओ को दिए आवेदन में बताया कि वे अपने वेतन भुगतान के लिए लंबे समय से वन विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल सका है, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, बाबूलाल सिंह धुरवासिन में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। जनवरी 2023 से सितंबर 2024 तक की अवधि के लिए उनके मासिक श्रम का भुगतान नहीं किया गया। चौकीदार का आरोप है कि संबंधित बीट गार्ड और तत्कालीन बीट प्रभारी ने जानबूझकर उनका 18 माह का वेतन हड़प लिया है। इस मामले में पहले वन परिक्षेत्र अधिकारी ने कार्रवाई कर राशि दिलाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, शिकायतकर्ता के अनुसार, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। बाबूलाल सिंह ने मांग की है कि उनकी लंबित वेतन राशि सोमपाल सिंह कुशराम के वेतन से कटौती कर उन्हें जल्द से जल्द दिलाई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *