दमोह के नोहटा थाना क्षेत्र के बिजोरी खमरिया गांव में बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने राशन न मिलने की समस्या को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पिछले छह महीने से राशन नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सेल्समैन द्वारा केवल कुछ लोगों को राशन बांटकर दुकान बंद कर दी जाती है। उनकी शिकायत है कि अधिकारियों ने भी उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया, जिसके बाद सैकड़ों उपभोक्ता प्रदर्शन करने सड़क पर उतर आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीण खुमान सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि खमरिया में बिजोरा और रोहिणी गांव के लोगों को खाद्यान्न मिलता है। यहां पदस्थ सेल्समैन संतोष सिंह लोधी पर छह महीने से राशन न देने का आरोप है। ग्रामीणों ने खाद्य विभाग में भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं की मांग है कि सेल्समैन पर कार्रवाई की जाए और सभी उपभोक्ताओं को तय समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।


