प्रतापगढ़ में दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसा धरियावद रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड टर्न पर शुक्रवार देर शाम को हुआ। दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार हादसा धरियावद रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड टर्न पर हुआ। एक बाइक सवार धरियावद की तरफ जा रहा था और दूसरा प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। इस दौरान हाउसिंग बोर्ड टर्न पर दोनों बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान मांगीलाल मीणा (19) पुत्र पृथ्वीराज मीणा निवासी सामलीफंटा देवगढ की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार सुनील मीणा (18) पुत्र मांगीलाल मीणा निवासी अणगोरा और गणेश मीणा (18) पुत्र धनराज मीणा निवासी मरियाखेड़ी धमतोर गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


