मुनि सुधा सागर का हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत:शिवपुरी के खनियाधाना में 14 साल बाद पहुंचे; यात्रा में ऊंट, घोड़े, हाथी, बैंड-बाजे

शिवपुरी जिले में बुधवार दोपहर मुनि सुधा सागर महाराज का मंगल विहार नगर खनियाधाना से तीर्थोदय अतिशय क्षेत्र गोलाकोट की ओर संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा मार्ग धर्ममय वातावरण में परिवर्तित हो गया और मुनि श्री के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगल विहार के दौरान मार्ग में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसे देखकर श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर दिखाई दी। ऊंट, घोड़े, हाथी, बैंड-बाजे और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा ने मंगल विहार को भव्य स्वरूप प्रदान किया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग—हर वर्ग के श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर मुनि श्री के दर्शन करते नजर आए। 20 से 25 जनवरी तक होगा पंचकल्याणक महोत्सव
तीर्थोदय अतिशय क्षेत्र गोलाकोट में आगामी 20 से 25 जनवरी तक भव्य पंचकल्याणक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव के लिए मुनि श्री सुधा सागर महाराज अपने संघ सहित गोलाकोट में विराजमान रहेंगे। पंचकल्याणक महोत्सव की सभी पांचों कल्याणकों से जुड़ी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। 14 साल बाद मंगल विहार
14 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मुनि सुधा सागर महाराज का मंगल विहार तीर्थोदय गोलाकोट की पावन भूमि पर हुआ है। इसे क्षेत्र के धार्मिक इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। इसी अवसर पर लगभग 3000 साल प्राचीन पूर्व प्रतिमा का पंचकल्याणक महोत्सव भी आयोजित किया जा रहा है, जिसकी आध्यात्मिक गरिमा मुनि श्री के सान्निध्य से और अधिक बढ़ गई है। श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं पूर्ण
गोलाकोट पहुंचने के बाद मुनि श्री महोत्सव की तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण करेंगे। वहीं देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। महोत्सव की पूर्णता तक मुनि श्री तीर्थोदय गोलाकोट क्षेत्र में ही विराजमान रहेंगे। पदाधिकारियों का कहना
तीर्थोदय गोलाकोट के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि मुनि श्री का यह मंगल विहार क्षेत्र के धार्मिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था व प्रेरणा का महत्वपूर्ण अध्याय बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *