भास्कर न्यूज | जालंधर सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग एवं मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नमिता घई ने सिविल हॉस्पिटल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार से रिव्यू किया। इस दौरान उन्होंने लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट के कार्य संचालन से संबंधित रिपोर्ट का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट फैमिली वेलफेयर ऑफिसर डॉ. रमन गुप्ता, एसएमओ डॉ. वरिंदर कौर थिंड एवं डॉ. प्रिया भी मौजूद रहे। सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जालंधर जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य स्टाफ को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं और निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से जिला अस्पताल के पांच ऑपरेशन थिएटरों में ऑक्सीजन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि मरीजों को ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी भी प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना न करना पड़े। एमएस डॉ. घई ने बताया कि लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट के नोडल ऑफिसर डॉ. प्रितपाल सिंह की देखरेख में तीन प्लांट ऑपरेटर राजीव कुमार, प्रेम लाल और राजविंदर सिंह दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य स्टाफ को ऑक्सीजन प्लांट के संचालन से संबंधित आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों का शीघ्र स्वस्थ होना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसके लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है।


