अमनदीप सिंह | अमृतसर सेंट्रल हलके के अंतर्गत आती वार्ड नंबर 51 की फतेह सिंह कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण बेहद परेशान हैं। इलाके की गली नंबर 6 पूरी तरह टूट चुकी है, वहीं गली नंबर 35 की सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। गली नंबर 2 में सीवरेज जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल यह है कि गली नंबर 3 के बाहर खाली प्लॉट में लोग कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां रोजाना नहीं आतीं, जिससे गंदगी के ढेर लग रहे हैं। वहीं, दो महीने पहले बनी मुख्य रोड भी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क निर्माण के समय सीवरेज की हौदियों को सड़क के लेवल के बराबर नहीं किया गया। अब ये हौदियां गहरे गड्ढों की तरह दिखती हैं, जो राहगीरों के लिए हादसों का सबब बन रही हैं। इसके अलावा, वार्ड के कई हिस्सों में सीवरेज मिश्रित दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वार्डवासियों ने मांग की है कि इन समस्याओं का समाधान किया जाए। वार्ड पार्षद सरिता ने बताया कि पंजाब सरकार विकास कार्यों में पक्षपात कर रही है, जिससे काम रुके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य सड़क तो बना दी गई, लेकिन हौदियों को लेवल पर नहीं किया गया। सरकारी सहयोग के बिना स्थिति सुधारना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ी रूवी देवी के ससुर शंकर लाल ने बताया कई गलियों में पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिक्स होकर आ रहा है। लोग उन्हें समस्या बताते रहते है। विधायक और पार्षद लोगों की सुध नहीं ले रहे हैं। इसका समाधान किया जाना चाहिए। राकेश कुमार निवासी गली नंबर 3 ने बताया कि कूड़े की नियमित लिफ्टिंग न होने से लोग खाली प्लॉटों में कचरा फेंक रहे हैं, जिससे इलाके में गंदगी फैली हुई है। लक्की सिंह निवासी गली नंबर 8 ने बताया मुख्य सड़क पर सीवरेज के ढक्कन लेवल पर न होने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसका तुरंत समाधान किया जाए। पंकज कुमार निवासी गली नंबर 35 ने बताया कि गली लंबे समय से नहीं बनाई गई है। गहरे गड्ढों के कारण यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। फतेह सिंह कॉलोनी में टूटी रोड। सड़क पर पड़े गड्ढे। प्लाट में पड़ा कूड़ा। सड़क के लेवल से नीचे सीवरेज के ढक्कन।


