भास्कर न्यूज |अमृतसर देश विदेश में रह रहे दमदमी टकसाल के कई पुराने स्टूडेंट्स ने बाबा हरनाम सिंह धुम्मा के खिलाफ श्री अकालतख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह को लिखे पत्र में नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में एक बेंच पर अपने पैर लटकाकर मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। श्री अकालतख्त साहिब सचिवालय में बुधवार को उक्त लेटर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह को सौंपा गया। संगठनों के नेताओं बाबा लहना सिंह तलवंडी बख्ता, भाई बलवंत सिंह गोपाला, भाई रणजीत सिंह ने मांग की है बाबा धुम्मा के खिलाफ पंथिक परंपराओं के अनुसार कार्रवाई की जाए। इसमें कहा गया है कि हाल ही में श्री गुरु तेग बहादर सहिब की 350वीं शहीदी शताब्दी के सिलसिले में महाराष्ट्र के नागपुर में हुए कार्यक्रम में बाबा हरनाम सिंह धुम्मा ने श्री अकालतख्त साहिब जी के हुक्मनामे का उल्लंघन और सिख सिद्धांतों का उल्लंघन किया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में बाबा हरनाम सिंह धुम्मा और कुछ दूसरे धार्मिक और राजनीतिक नेता मर्यादा के अनुसार सीधे बैठने के बजाय, बेशर्मी से एक रैली की तरह बेंचों पर पैर लटकाकर बैठे थे, जो गुरु साहिब जी की बड़ी बेअदबी और गुरु के दरबार के तौर-तरीकों का उल्लंघन है।


