भास्कर न्यूज | जशपुरनगर शहर की सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्ततम सड़क गौरवपथ के नवीनीकरण व डामरीकरण का कार्य नगरपालिका ने शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने के बाद अब शहरवासियों को जर्जर सड़क से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से गौरवपथ की खराब स्थिति को लेकर नागरिकों द्वारा मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है। नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने जानकारी दी कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्ययोजना को दो चरणों में विभाजित कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। पहले चरण में महाराजा चौक से जूदेव प्रतिमा तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल जूदेव प्रतिमा से गम्हरिया प्रवेश द्वार के बीच सड़क पर मौजूद गड्ढों को भरने और सतह से धूल हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। यह प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी होते ही डामरीकरण का मुख्य कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगरपालिका का दावा है कि कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा ताकि आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी से जल्द राहत मिल सके। नपा भगत ने बताया कि गौरवपथ के डामरीकरण हेतु सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।


