भास्कर न्यूज | जालंधर सामाजिक संदेशों और लैंगिक समानता के पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में लैंगिक जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से स्कूलों में चलाए जा रहे चानण रेशमा कार्यक्रम के तहत एक विशेष फीडबैक बैठक स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड में जिला शिक्षा अधिकारी गुरिंदरजीत कौर और उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लैंगिक भेदभाव और रूढ़िवादी धारणाओं को समाप्त करना है। इसके साथ ही किशोरों, खासकर लड़कियों को महत्वाकांक्षी बनाने और जीवन के मुख्य कौशल विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सामाजिक अध्ययन और अंग्रेजी पाठ्यक्रम में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों के लिए शामिल किया गया है। चानण रेशमा कार्यक्रम के तहत बैठक में जालंधर जिले के सभी बीआरसी और डीआरसी ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य सभी सदस्यों को कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना और क्षेत्र से उनकी फीडबैक प्राप्त करना था। इस अवसर पर ब्रेक-थ्रू संस्था द्वारा कार्यक्रम की एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई और कार्यक्रम से संबंधित चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्रेक-थ्रू के स्टेट कोऑर्डिनेटर अरविंदर सिंह और जोनल हेड हरजोत सिंह ने कार्यक्रम के प्रति सामूहिक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में स्टेट रिसोर्स पर्सन इंग्लिश चंदर शेखर, डीआरसी जसलीन कौर, प्रिंसिपल योगेश कुमार, इकबाल रंधावा, ब्लॉक नोडल अधिकारी सुनीता सहोता व जिले के सभी बीआरसी ने भी भाग लिया।


