चंडीगढ़ की तर्ज पर अब पंजाब में भी ऑनलाइन चालान होंगे। यह व्यवस्था 26 जनवरी से पंजाब के चार शहरों में शुरू होने जा रही है। इन शहरों में मोहाली, जालंधर, अमृतसर और लुधियाना शामिल हैं। ट्रैफिक सिंग्नलस पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल पूरा हो चुका है। इसलिए इन शहरों में 26 जनवरी से यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। अब इन शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ इन कैमरों की निगरानी में रहेगी। कैमरों के लिए इन सभी शहरों में कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं, जहां ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी 24 घंटे मॉनीटरिंग करेंगे। यहीं से नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान तैयार होंगे और डाक के जरिये घर पहुंचेंगे।


