भास्कर संवाददाता|फतेहगढ़ ग्यारस तिथि पर मंगलवार को फतेहगढ़ के खाटू श्याम मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे। कई भक्त डीजे की धुनों पर भजन गाते, रंग-गुलाल उड़ाते और जयकारों के साथ पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। कई श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से परिवार सहित दर्शन करने आए। हर ग्यारस को दो दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग सुबह-सुबह बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने निकलते हैं। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम की तर्ज पर फतेहगढ़ के इस मंदिर ने भी भक्तों के बीच विशेष स्थान बना लिया है। जो लोग किसी कारणवश राजस्थान नहीं जा पाते, वे यहां आकर बाबा से मन्नतें मांगते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों और व्यापारियों ने मंदिर क्षेत्र को विशेष रूप से सजाया। बाजारों में भी सजावट की गई, जिससे पूरा इलाका मेले जैसा नजर आया। दिनभर मंदिर परिसर खाटू श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। भक्तिभाव से भरा यह दृश्य फतेहगढ़ के लिए यादगार बन गया।


