भास्कर न्यूज | महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्यों और विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उन संकुलों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जो आईडी निर्माण में पीछे चल रहे हैं। कलेक्टर ने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और पोर्टल पर डाटा समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए। आगामी 20 जनवरी से शुरू होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षा की तैयारियां गंभीरता से और समय पर पूरा करने कहा। परीक्षा संचालन का स्तर बोर्ड परीक्षा के समान रखने और सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के परिणामों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कमजोर परिणाम वाले स्कूलों में नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर कार्य योजना लागू करने कहा। डीईओ मोहन राव सावंत से कहा कि स्कूलों में शिक्षकों का सामूहिक उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें और गणित, विज्ञान और भाषा विषयों पर विशेष ध्यान दे। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए। और गणित, विज्ञान और भाषा विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिले की शालाओं में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनकी दिन-प्रतिदिन जानकारी ट्रैकर के माध्यम से एकत्रित की जा रही है। इन गतिविधियों को अधिक प्रभावी रूप से प्रचारित करने के लिए संबंधित हैशटैग का उपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा, जिससे जागरूकता और सहभागिता बढ़ सके। शराब पीकर स्कूल पहुंचे तो सीधे निलंबित होंगे शिक्षक कलेक्टर ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल समन्वयकों को अपने अंतर्गत आने वाले स्कूलों का नियमित अवलोकन करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई की समीक्षा सुनिश्चित करने कहा। साथ ही मध्यान्ह भोजन, शिक्षा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा है। सभी शिक्षक समय पर विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करें। बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर न जाए। स्कूल परिसर में नशाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई शिक्षक स्कूल में नशा करते पाया गया तो उसे तुरंत निलंबित किया जाएगा।


