नववर्ष पर जालपा माता मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब:राजगढ़ में सवा लाख भक्तों ने दर्शन किए; पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था के कड़े इंतजाम

नववर्ष के पहले दिन राजगढ़ शहर की पहाड़ी पर स्थित सिद्धपीठ जालपा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। माता के दर्शन के लिए सुबह से ही दूर-दराज से भक्त पहुंचने लगे। दोपहर तक मंदिर परिसर और मुख्य मार्ग पर लंबी कतारें देखी गईं। पूरा पहाड़ी क्षेत्र माता के जयकारों से गूंज उठा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए कानून व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। एडिशनल एसपी के.एल. बंजारे, एसडीओपी अरविंद सिंह और थाना प्रभारी सहित ट्रैफिक पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालीं। मंदिर मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन द्वारा बनाए गए रूट चार्ट के अनुसार श्रद्धालुओं को मंदिर तक व्यवस्थित रूप से पहुंचाया गया, जिससे कोई अव्यवस्था नहीं हुई। सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन के अनुमान के अनुसार, शाम तक लगभग सवा लाख श्रद्धालुओं ने जालपा माता के दर्शन किए। नववर्ष पर माता के दर्शन की यह परंपरा हर साल आस्था का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *