भास्कर न्यूज | लुधियाना सिविल सिटी क्षेत्र अध्यात्म और भक्ति की एक अलौकिक धारा में सराबोर नजर आया। लुधियाना यूथ सेवा दल सोसाइटी की तरफ से आयोजित विशाल मां भगवती की चौकी और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूरी विधि-विधान के साथ पावन ज्योति प्रचंड करके किया गया। माता रानी का दरबार देशी-विदेशी फूलों और दूधिया रोशनी से इस कदर सजाया गया था कि मानो साक्षात देवलोक धरती पर उतर आया हो। जैसे ही ज्योति प्रज्वलित हुई पूरा क्षेत्र “जय मां चिंतपूर्णी जी” और “जय मां शीतला जी” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भजन गायक रोहित शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। माता की भेंटों का क्रम जब शुरू हुआ, तो पंडाल में उपस्थित हर भक्त मां की महिमा में खो गया। भजनों की मनमोहक धुन पर श्रद्धालु नाचने को मजबूर हो गए। देर रात तक चले इस समागम में भक्ति का ऐसा ज्वार उठा कि वातावरण पूरी तरह से सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इस भक्ति संध्या का सबसे अलौकिक क्षण वह था, जब हर-हर महादेव महाआरती सेवा संघ के सेवादारों ने आरती का मोर्चा संभाला। शंख की ध्वनि और दीपों की जगमगाहट ने माहौल को दिव्य बना दिया। जैसे ही सेवादारों ने ढोल और नगाड़ों की थाप पर हुंकार भरी पूरा पंडाल शिवमय हो गया। महाआरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता का प्रसाद ग्रहण किया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि नववर्ष की शुरुआत मां के चरणों में शीश नवाकर करने से न केवल मानसिक शांति मिलती है। बल्कि पूरे वर्ष के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।


