भास्कर न्यूज | बालोद नए वर्ष 2026 की शुरुआत दुर्ग रीजन के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक की नई सौगात लेकर आई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) दुर्ग क्षेत्र द्वारा दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों के लगभग 65 प्रतिशत उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिए गए हैं। दुर्ग रीजन के तीनों जिलों में कुल 9 लाख 80 हजार बिजली उपभोक्ताओं में से अब तक 5 लाख 71 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही उपभोक्ता अब अपनी बिजली खपत का हर आधे घंटे का सटीक रिकॉर्ड देख सकेंगे और बिजली का किफायती उपयोग कर पाएंगे। जहां-जहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां समय पर रीडिंग और सटीक बिलिंग हो रही है। दुर्ग रीजन के अंतर्गत भिलाई शहर पश्चिम संभाग में 62,075, भिलाई पूर्व में 48,968, दुर्ग शहर में 59,244, बालोद में 1,03,696, दुर्ग संभाग में 73,058, बेमेतरा में 53,556, साजा में 52,131, अहिवारा में 53,196 तथा पाटन संभाग में 65,152 निम्न दाब उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को होंगे कई तरह के लाभ कंपनी के अनुसार स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं, ऊर्जा दक्षता, सटीक बिलिंग और मानवीय त्रुटियों से मुक्ति मिलेगी। अब मीटर रीडर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, रीडिंग स्वतः विभाग तक पहुंच जाएगी। प्रीपेड सुविधा लागू होने पर सुरक्षा निधि जमा करने की आवश्यकता भी समाप्त हो जाएगी। भविष्य में 10 किलोवॉट से अधिक भार वाले निम्नदाब उपभोक्ताओं को टीओडी टैरिफ के तहत कम दरों पर बिजली उपयोग का लाभ मिलेगा, जो स्मार्ट मीटर से ही संभव होगा।


