ड्रिंक एंड ड्राइव के 445 मामले; 289को ई-रिक्शा से भेजा, 49 गिरफ्तार

जयपुर | नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस की चेतावनियों और कड़े इंतजामों के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की। बुधवार देर शाम से गुरुवार तड़के तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने महज 7 घंटे में 2,356 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के 445 मामले सामने आए, जबकि 49 लोगों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 289 लोगों को क्लबों के बाहर से नशे की हालत में ई-रिक्शा ऑटो से घर भेजा। यह कार्रवाई सबसे ज्यादा बजाज नगर और जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में की गई। ट्रैफिक पुलिस और जिले की विभिन्न टीमों द्वारा की गई कार्रवाई में 529 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में पूर्व जिले में 76, पश्चिम में 85, उत्तर में 32, दक्षिण में 34 और यातायात पुलिस की ओर से 218 चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं, एमवी एक्ट के तहत 84 वाहन जब्त किए। इनमें पूर्व जिले के 32, पश्चिम के 8, उत्तर के 9, दक्षिण जिले के 7 और यातायात पुलिस के 28 वाहन शामिल हैं। प्रमुख चौराहों, क्लब क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की शहर के प्रमुख चौराहों, क्लब क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 300 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से ड्यूटी पर लगाया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। कई लोग परिवार के साथ भी नशे की हालत में वाहन चलाते मिले, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है और आगे भी इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दोबारा नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *