भास्कर न्यूज | लुधियाना साहनेवाल पुलिस ने पुरानी दोस्ती का फायदा उठाकर लाखों की ठगी करने के आरोप में जगमोहन नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता दविंदर सिंह के अनुसार आरोपी जगमोहन ने अपने पारिवारिक जमीन विवाद और अदालती केस का हवाला देकर उससे आर्थिक मदद मांगी थी। जगमोहन ने भरोसा दिलाया था कि केस जीतने पर वह मूल राशि के साथ मुनाफा भी देगा। दविंदर ने दोस्ती के नाते किश्तों में भारी भुगतान किया। नए वादे और मुकर जाना विवाद सुलझने के बाद जब दविंदर ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने पैसे देने के बजाय उसे इंग्लैंड भेजने और वर्क परमिट दिलवाने का नया झांसा दिया। न तो दविंदर को वीजा मिला और न ही उसकी रकम वापस मिली। जांच अधिकारी करनैल सिंह ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


