भास्कर न्यूज | अमृतसर नए साल के जश्न के दौरान रणजीत एवेन्यू इलाके में हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को काबू में लेने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान 7 युवकों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर सोमवार रात रणजीत एवेन्यू में भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। पार्कों और रेस्टूरेंट में परिवार अपने बच्चों के साथ नए साल का स्वागत कर रहे थे। माहौल पूरी तरह उत्सवमय था, लेकिन इसी बीच शराब के नशे में धुत कुछ युवक हुड़दंग करने लगे। तेज आवाज में नारेबाजी, गाली-गलौज और सड़क पर उत्पात के चलते आसपास मौजूद परिवारों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख रणजीत एवेन्यू पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंग कर रहे युवकों को समझाने की कोशिश की। बावजूद इसके युवक नहीं माने और आपस में उलझ गए। बताया जा रहा है कि दो गुटों में झगड़ा भी हुआ, जिसका वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी हुड़दंगियों को काबू में लिया और थाने ले जाकर बंद किया। थाना रणजीत एवेन्यू के एसएचओ रोबिन हंस ने बताया कि नए साल से पहले ही पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्वक जश्न मनाने की अपील की थी। इसके बावजूद बाहर के गांवों से आए कुछ युवकों ने माहौल खराब करने की कोशिश की।


