धनबाद में रेलवे की सफाई का काम देख रही थारू एंड संस एजेंसी के मालिक राजीव सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है। पटना के रहने वाले राजीव सिंह ने धनसार थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अमित गुप्ता और उनके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। राजीव सिंह के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे वह रेलवे यार्ड से घर जा रहे थे, तभी गेट के बाहर करीब 10 बाइक सवार लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सितंबर-अक्टूबर में अमित गुप्ता लगातार फोन कर 5 लाख रुपए वन टाइम और 50 हजार रुपए मासिक रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी देने से मना करने पर उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया था। मामले में दूसरा पक्ष पूरी तरह अलग कहानी बता रहा है। अमित गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सारे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने राजीव को साढ़े 6 लाख रुपए दिए थे। उनका दावा है कि राजीव पहले उनके यहां मुंशी था और पैसा लेकर इन्वेस्ट करता था। अमित ने बताया कि राजीव फोनपे के जरिए उन्हें 1 लाख 32 हजार रुपए लौटा चुका है। अमित का आरोप है कि दुर्गापूजा के दौरान चंदे को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद 12 अक्टूबर को राजीव ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे में काम करने वाले सफाई कर्मियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की वजह से उन पर झूठा मुकदमा किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार अपराधियों से मिलकर उनकी हत्या करवाना चाहता है। राजीव सिंह द्वारा हमले की बात पर धनसार थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने कहा कि मामला अभी तक मेरे संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।


