ग्वालियर में चार शातिर चोरों ने घर के बाहर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट का लॉक तोड़ा और धक्का लगाकर ले गए। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। जबकि घटना 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 की दरमियानी रात की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सेवा नगर लोहा मंदिर के पास रहने वाले शिवम साहू (30 वर्ष) पिता राजकुमार साहू सोलर स्क्वायर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करते हैं। शिवम ने बताया कि 30 दिसंबर बुधवार की रात करीब 9:30 बजे वह काम से लौटे और अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट (MP07-AD-9915) घर के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए थे। गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे चार अज्ञात चोर पैदल वहां पहुंचे। इनमें से तीन चोर आसपास नजर रखते रहे, जबकि चौथे चोर ने बुलेट का लॉक तोड़ा। इसके बाद चारों चोर बुलेट को बिना स्टार्ट किए पैदल ही धक्का देकर मौके से ले गए। सुबह उठे तो गायब थी बुलेट सुबह करीब 5 बजे जब शिवम की नींद खुली और वह बाहर आए तो बुलेट गायब थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले, जिससे चोरी की वारदात का पता चला। पुलिस ने दर्ज किया मामला CCTV फुटेज के आधार पर बुलेट मालिक ने गुरुवार रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई बुलेट बरामद की जाएगी।


