सुखबीर बादल पर हमला करने वाले आरोपी का रिमांड 2 दिन बढ़ा

भास्कर न्यूज | अमृतसर सुखबीर बादल पर हमला करने वाले आरोपी नरैन सिंह चौड़ा का पुलिस को और 2 दिन का रिमांड मिला है। 3 दिन का रिमांड खत्म होने पर शनिवार शाम साढ़े 4 बजे चौथी बार नरैन सिंह चौड़ा को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, नरैन सिंह चौड़ा पूछताछ में बार-बार अपने बयान बदल रहा है। पहले पूछताछ में चौड़ा ने बताया था कि लखीमपुर खीरी में हथियार छिपाकर रखे हैं मगर अब वह अपने बयान से मुकर रहा है। जिस ग्लॉक पिस्तौल से गोली चलाई गई वह पिस्तौल पाकिस्तान बार्डर के जरिए मंगवाई गई थी और यह हथियार पहले से उसने अपने घर में छिपाकर रखी थी। एसीपी जसपाल सिंह ने बताया कि नरैन सिंह से पूछताछ चल रही है और मामले में नामजद आरोपी धरमिंदर सिंह की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रहे हैं। चौड़ा के वकील जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने जज के समक्ष कहा कि मामले में एक सीसीटीवी फुटेज में नरैन सिंह के साथ धरमिंदर सिंह नामक व्यक्ति को घूमते हुए देखा गया है, जिसे केस में नामजद किया गया है। इसके अलावा उन्हें 2 और 4 दिसंबर की सीसीटीवी फुटेज एसजीपीसी की ओर से नहीं मिल रही है, जिसको लेकर पुलिस ने चौड़ा का 5 दिन की रिमांड मांगा। हालांकि कोर्ट ने चौड़ा को 2 दिन के रिमांड पर भेजा है। इससे पहले 3 बार 3-3 दिन का रिमांड हासिल करके पुलिस नरैन सिंह चौड़ा से पूछताछ कर चुकी है। अब पुलिस फिर से रिमांड मांगकर 70 वर्षीय बुजुर्ग नरैन सिंह को तंग कर रही है। रिमांड मांगने के अलावा उन्हें दूसरे आरोपी को काबू कर पूछताछ करनी चाहिए। जब-जब पुलिस चौड़ा को कोर्ट में पेश करने पहुंचती है तो इनके अलग-अलग बयान होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *