प्रयागराज के महाकुंभ में शाही स्नान पर्व के अवसर पर एक महत्वपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। सर्वभौम सनातन धर्म महासभा ने श्री धाम वृंदावन के कथा प्रवक्ता और विश्व सनातन संघ के राष्ट्रीय प्रमुख विष्णु शरण दास महाराज को महामंडलेश्वर की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया। महासभा के परमाध्यक्ष पंडित उदय मिश्रा ने पारंपरिक विधि-विधान से गंगाजल, दूध, जल, मधु, घी और पुष्पों से विष्णु शरण दास महाराज का अभिषेक किया। इस अवसर पर किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पुष्पा माई, जगतगुरु गोपेश्वर चैतन्य महाराज और महामंडलेश्वर कृष्णानंद महाराज सहित कई प्रमुख संतों ने उपस्थित होकर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रमाण पत्र प्रदान किया। नवनियुक्त महामंडलेश्वर विष्णु शरण दास महाराज ने महासभा का आभार व्यक्त करते हुए सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और गौ माता, ब्राह्मण एवं साधु-संतों की रक्षा का संकल्प लिया। पंडित उदय मिश्रा ने कहा कि यह नियुक्ति धर्म और समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगी। समारोह में धर्म महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा, भानु मिश्रा, योगेंद्र दाधीच, आचार्य प्रशांत, पंडित रतन आजाद, आचार्य गोविंद और आचार्य नीरज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। महामंडलेश्वर की उपाधि मिलने पर शिष्य मंडल ने ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।


