गढ़वा | कल्याणपुर स्थित कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रकृति, इतिहास और सामाजिक वातावरण से जोड़ना था। ताकि उनके सर्वांगीण विकास को बल मिल सके। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नेतरहाट के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। छात्रों ने सबसे पहले मैग्नोलिया प्वाइंट पहुंचकर वहां से उगते सूरज का मनोरम दृश्य देखा। जो उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। इसके बाद कोयल व्यू प्वाइंट, सनसेट प्वाइंट और नेतरहाट डैम का भ्रमण कराया गया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इन स्थलों ने छात्रों को प्रकृति के संरक्षण और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया।


