धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल स्थित अपने घर से चुड़ा व ब्रेड लेने की बात कहकर निकला 2 नाबालिग भाई-बहन शुक्रवार की शाम से गायब है। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने रात लगभग 9 बजे घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धुर्वा थाने की पुलिस दोनों भाई-बहन की तलाश में जुट गई। इलाके में माईकिंग की गई। मैदान व सड़क किनारे ढूंढा गया। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि दोनों बच्चे शाम लगभग 4 बजे सालीमार बाजार के पास रावन दहन मैदान में थे। इसके बाद कहां गए, किसी ने नहीं देखा। पीड़ित पिता सालीमार बाजार में ही आलू-प्याज बेचने का काम करते हैं। इधर बिरसा चौक के पास से एक राज मिस्त्री का अपहरण कर लिया गया। पीड़ित परिजनों ने 2 दिनों बाद अपहरण की जानकारी पुंदाग ओपी में दिया है। सूचना मिलते ही अपहृत व्यक्ति की तलाश में पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।


