लखनऊ के गोमती नगर स्थित संगीत नाटक अकादमी में लिरिक्स अकादमी ऑफ म्यूजिक द्वारा आयोजित म्यूजिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कला, संगीत, बॉलीवुड और हॉलीवुड के गानों पर बच्चों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रामकेश निषाद मौजूद रहे। म्यूजिकोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत युवा कलाकारों ने मशहूर गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के गीतों पर भांगड़ा प्रस्तुति से की। कार्यक्रम में विभिन्न कला रूपों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें इंस्ट्रूमेंटल परफॉरमेंस, नृत्य और गायन शामिल थे। छात्रों ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ फिल्म के गीतों की सुरमई प्रस्तुति दी। संगीत वाद्ययंत्रों में बांसुरी, गिटार, वायलिन, तबला, कीबोर्ड और ड्रम्स के कलाकारों ने जुगलबंदी पेश की। गायन विभाग के छोटे बच्चों ने ‘ऑल इज वेल’ और ‘मटरगश्ती’ जैसे गीत प्रस्तुत किए, जिनके साथ कीबोर्ड वादकों ने सुंदर संगत की। गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया संगीत डांस विभाग की प्रस्तुतियों में भरतनाट्यम के कलाकारों ने ‘अलबेला सजन’ और ‘पिया आए ना’ पर भावपूर्ण प्रदर्शन किया। कथक की छात्राओं ने ‘मेरी जान’, ‘सकल बन’ और ‘चौदहवीं का चांद’ गीतों पर मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन किया। वेस्टर्न डांस में छोटे कलाकारों ने भारतीय क्रिकेट टीम और मानसून सीजन जैसी थीम पर नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में करीब 600 छात्रों ने हिस्सा लिया। समापन पर संस्थान के निदेशक राहुल वर्मा और अक्षय सिंह ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही संस्थान के शिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


