रतलाम में जनवरी माह की शुरुआत से ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह से शीत लहर के साथ कोहरा छाया रहा। दोपहर 1 बजे बाद धूप निकली, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। ठंड के कारण मंदिरों में भगवान को ऊनी गर्म वस्त्र पहनाए जा रहे हैं। गर्म चीजों को भोग लगाया जा रहा है। कोहरा व शीत लहर के कारण दोपहर का तापमान भी 4.8॰ लुढ़क गया है। शीत लहर के साथ कोहरे ने दो दिन में कंपकंपाने वाली ठंड का एहसास करा दिया है। लोग ठिठुरते रहे। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। खेतों में कोहरे के कारण दूर-दूर तक कुछ नजर नहीं आ रहा था। सुबह 11 बजे बाद कोहरा थोड़ा कम हुआ। दोपहर 1 बजे बाद बादलों की ओट से सूरज निकला। धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। राधा-कृष्ण को ओढ़ाई गर्म शॉल
शहर के प्रताप नगर स्थित इस्कॉन टेंपल में राधा-कृष्ण की मूर्तियों को गर्म शॉल ओढ़ाई गई है। मंदिर के राजमणि दास ने बताया कि जिस तरह से इंसान को ठंड का एहसास होता है, वैसे ही भगवान को भी ठंड को लगती है। गर्म शॉल ओढ़ाई है। हीटर भी लगाया है। भगवान को भोग भी गर्म खाद्य पदार्थों का लगाया जा रहा है। मौसम में बदलाव के कारण पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। जबकि न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग की माने तो उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हो रही लगातार बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के असर के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा। फिर तेज सर्दी का दौर आएगा। मौसम विभाग की माने तो जनवरी में 15 से 20 दिन तक शीतलहर चल सकती है। कड़ाके की ठंड का दौर दूसरे सप्ताह में शुरू होगा, जो आखिरी तक बना रहेगा। पिछले पांच दिन के तापमान पर एक नजर


