बयाना में सड़क सीमा में रखे गए तख्त, होर्डिंग्स और सामान को हटाने की कार्रवाई की गई। सड़क सीमा में रखे सामान से आवागमन में परेशानी हो रही थी। जिसके चलते नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की। डीएसपी कृष्ण राज, नगर पालिका ईओ और तहसीलदार अंकुर जैन, नायब तहसीलदार वैशाली धाकड़ और एसएचओ बाबूलाल गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया। टीम को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे जल्दी-जल्दी सामान हटाने लगे। कई दुकानों के बाहर रखे तख्त और बोर्ड जब्त किए गए। कुछ दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। प्रशासन ने दुकानदारों से हाथ जोड़कर अतिक्रमण न करने की अपील भी की, जबकि विरोध करने वालों को कड़ी फटकार लगाई। कुछ व्यापारियों ने बाजार में दिन के समय नो-एंट्री सिस्टम लागू करने की मांग रखी। पुरानी सब्जी मंडी चौराहे पर फल विक्रेताओं को सड़क के बजाय किनारे पर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नगर पालिका ईओ ने पॉलीथिन और प्लास्टिक के उपयोग पर पाबंदी का भी आह्वान किया।


