भास्कर न्यूज| सरायकेला फ्रांस के रिनाउंड फिल्म एंड डॉक्यूमेंट्री मेकर विंसेंट मून अपनी पत्नी मिसेज जूलिया के साथ शनिवार को सरायकेला पहुंचे। जहां उन्होंने केदार आर्ट सेंटर सरायकेला पहुंच कर सरायकेला छऊ के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी हासिल की। इस मौके पर केदार आर्ट सेंटर सरायकेला के गुरु मलय कुमार साहू द्वारा बुके देकर विंसेंट मून और उनकी पत्नी मिसेज जूलिया का स्वागत किया गया। जिसके बाद सरायकेला के कलाकारों की पूरी टीम गुरु मलय कुमार साहू के नेतृत्व में विंसेंट मून की टीम के साथ सरायकेला प्रखंड के पहाड़पुर गांव लोकेशन पर पहुंची। इस अवसर पर विंसेंट मून द्वारा सरायकेला छऊ नृत्य कला पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म की शूटिंग की गई। केदार आर्ट सेंटर सरायकेला के कलाकारों द्वारा गुरु मलय कुमार साहू के निर्देशन में पार्वती, मयूर, राधा-कृष्ण एवं मेघदूत नृत्य नाटिका की प्रस्तुति सरायकेला छऊ नृत्य शैली में की गई। सरायकेला छऊ नृत्य की शूटिंग करते हुए विंसेंट मून ने कहा कि गुरु मलय कुमार साहू के सरायकेला छऊ नृत्य कला के प्रति डेडीकेशन को देखते हुए मैं बार-बार सरायकेला आना चाहूंगी। मौके पर उनकी पत्नी मिसेज जूलिया ने भी पूरी टीम को काफी अप्रिशिएट किया। इस अवसर पर गुरु मलय कुमार साहू ने केदार आर्ट सेंटर सरायकेला की ओर से विंसेंट मून और उनकी पत्नी मिसेज जूलिया सरायकेला छऊ का मुखौटा और छऊ नृत्य का चित्र उपहार स्वरूप प्रदान किया।


