जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में गेहूं के खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते समय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जुनपुरिया निवासी जगदीश पटेल के रूप में हुई है, जो खेमजी पटेल के बेटा थे। खेमजी पटेल ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार जगदीश पटेल गेहूं के खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे। कुछ देर बाद जब उनके पिता खेमजी पटेल खेत पर पहुंचे, तो जगदीश उन्हें छिड़काव करते हुए नहीं दिखे। खेत के अंदर जाकर देखने पर जगदीश बेहोशी की हालत में पड़े हुए मिले। निजी वाहन से जगदीश को सेमारी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें महाराणा भूपाल चिकित्सालय उदयपुर रेफर कर दिया। उदयपुर पहुंचने पर डॉक्टरों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर सेमारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


