कोटा| कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलगुरु डॉ. विमला डूंकवाल और निदेशक अनुसंधान डॉ. एम. सी. जैन ने शनिवार को कृषि अनुसंधान केंद्र, उम्मेदगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने आलू, दलहन, प्राकृतिक व जैविक खेती, अलसी, सरसों, चना, गेहूं, बीजीय मसाला, गन्ना, जल प्रबंधन, समेकित कृषि प्रणाली और बायोमास प्रबंधन परियोजनाओं में हो रहे अनुसंधान कार्यों की समीक्षा की।क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान डॉ. भवानी शंकर मीणा ने अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। कुलगुरु ने कम लागत व अधिक उत्पादन वाली तकनीकों, जैविक व प्राकृतिक खेती, स्मार्ट फार्मिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर शोध के निर्देश दिए। निदेशक अनुसंधान डॉ. जैन ने फसल चक्र और बीज उत्पादन पर जोर दिया।


