भास्कर संवाददाता | बड़वानी जिले में पिछले कुछ दिनों से सुबह कोहरा छा रहा है। जिसके कारण लोगों वाहनों की लाइट चालू कर गुजरना पड़ रहा है। सुबह कोहरे के साथ ठंड का एहसास हो रहा है। शनिवार को सुबह कोहरा छाने के साथ दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही। शनिवार को अधिकतम तापमान में कमी दर्ज हुई। वहीं न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई। जिसके कारण लोगों को दिन में गर्मी का एहसास हुआ। जिले के पेरिस के नाम से प्रसिद्ध निवाली नगर में सुबह करीब 8 बजे तक कोहरा दिखाई दिया। आगामी दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दिनों बर्फबारी हुई है। जिसका आगामी दिनों में जिले में असर दिखाई देगा। साथ ही हवा में नमी है। आगामी दिनों में वापस ठंड बढ़ेगी।


