भास्कर संवाददाता | बैतूल घोड़ाडोंगरी तहसील के धसेड़ गांव के पास शुक्रवार रात को बाइक धसेड़ डेम से करीब 40 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए। पुलिस के अनुसार घोड़ाडोंगरी के पीपरी निवासी शुभम (22) पिता कानूलाल उइके और श्याम (18) पिता अशोक गंजाम बाइक से धसेड़ डेम पर गए। वापस आने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया जिससे बाइक डेम से करीब 40 फीट नीचे खाई में जा गिरी। घायलों को ग्रामीणों की मदद से घोड़ाडोंगरी अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद श्याम की हालत नाजुक होने पर बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने श्याम को मृत घोषित कर दिया। श्याम का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह बैतूल जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में किया गया, जबकि शुभम का पोस्टमार्टम घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। सारनी थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने बताया कि धसेड़ डेम से बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। दोस्त की बाइक लेकर आए थे युवक ने अपने दोस्त की बाइक मांगकर विक्रमपुर निवासी दोस्त के साथ दुधावानी गांव में दीया देव मेला घूमने गए। मेला घूमने के बाद दोस्त को विक्रमपुर गांव छोड़कर बाइक से शुभम और श्याम अपने घर पीपरी आने के लिए निकले। रास्ते में धसेड़ डेम से उतरने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक खाई में जा गिरी।


