सिमडेगा | जिले में एनएच-320 जी (किमी 122.700 से 180.00) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना (हाटगामहरिया– मनोहरपुर–आनंदपुर, बारो–कोलेबिरा) के तहत भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान कैम्प से संबंधित अद्यतन आंकड़े जारी किए गए हैं। यह विवरण जिला भू-अर्जन कार्यालय, सिमडेगा द्वारा 3 जनवरी 2026 की तिथि का है। जारी तालिका के अनुसार परियोजना अंतर्गत कुल 676 भूमि अधिग्रहण मामले चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 6 मामलों में मुआवजा भुगतान हेतु आवेदन प्राप्त हुए तथा 6 प्रकरणों का सत्यापन पूर्ण किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, कुल स्वीकृत मुआवजा राशि ₹7,43,704 है, जबकि अब तक ₹6,84,461 का भुगतान किया जा चुका है। दो मुवावजा धारकों के बैंक खाते की त्रुटि के कारण लंबित है,त्रुटि निराकरण कर शेष राशि संबंधित प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के उपरांत जारी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों में अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं अथवा दस्तावेज अपूर्ण हैं, वहां संबंधित रैयतों को शीघ्र आवश्यक कागजात जमा करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त कंचन सिंह ने सभी अंचल एवं भू-अर्जन कर्मियों को निर्देश दिया है कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।


