पेड़ों की कटाई के विरोध में आज जोधपुर बंद:प्रमुख बाजार में व्यापारियों ने बंद रखी दुकानें; समर्थन में नारेबाजी भी हुई

सोलर प्लांट को लेकर पेड़ों की कटाई के विरोध में आज जोधपुर में पर्यावरण प्रेमियों की ओर से बंद का आह्वान किया गया। इसके चलते दोपहर 2 बजे तक जोधपुर के प्रमुख बाजार बंद रहे। शहर के त्रिपोलिया बाजार, घंटाघर, नई सड़क सहित सरदारपुरा और आसपास की जगहों पर व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। इधर बंद में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए और उन्होंने पेड़ों की कटाई को लेकर विरोध जताया। अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा की ओर से अध्यक्ष देवेंद्र बुढ़िया के नेतृत्व में आज बंद का आह्वान किया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार को वर्षों पुराने वन अधिनियम में संशोधन करना चाहिए। पेड़ों को काटने वालों को कठिन दंड देना चाहिए। वहीं बंद में शामिल पर्यावरण प्रेमियों कहना था कि एक तरफ राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने का आह्वान कर रही है, दूसरी तरफ सोलर प्लांट को लगाने के नाम पर पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। जिसे पर्यावरण प्रेमी सहन नहीं करेंगे। इसलिए सरकार को इस मामले में उचित कदम उठाते हुए पेड़ों की कटाई रोकनी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *