मंदसौर में डिप्टी CM और सांसद के घर बजी ‘घंटी’:पुलिस से झुमाझटकी, बैरिकेड लांघकर बंगले तक पहुंचे कांग्रेसी; दूषित पानी से मौतों पर प्रदर्शन

इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और नगरीय प्रशासन मंत्री के विवादित बयान के खिलाफ मंदसौर में कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। रविवार को कांग्रेस ने ‘घंटा बजाओ’ आंदोलन करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता के घर का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान डिप्टी सीएम के बंगले के बाहर कांग्रेसियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता बैरिकेड लांघकर बंगले के गेट तक पहुंच गए। डिप्टी CM के बंगले पर पुलिस से बहस, लगाए मुर्दाबाद के नारे मंदसौर विधायक विपिन जैन और जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के निवास पर पहुंचे। यहां पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने जब आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस से उनकी बहस और झुमाझटकी हो गई। वे बैरिकेड्स पार कर बंगले के ठीक बाहर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “जगदीश देवड़ा मुर्दाबाद” और “जगदीश देवड़ा डरता है, पुलिस को आगे करता है” के नारे लगाए। सांसद के घर के बाहर भी बजाई घंटी इससे पहले दोपहर में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली की शक्ल में सांसद सुधीर गुप्ता के निवास के बाहर पहुंचे। यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, लेकिन कांग्रेसी सांसद के घर के गेट तक पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने यहां घंटा और थाली बजाकर विरोध दर्ज कराया। पूरे जिले में ब्लॉक मुख्यालयों पर भाजपा विधायकों के घरों के बाहर भी इसी तरह प्रदर्शन किया गया। बोले- मंत्री की भाषा असंवेदनशील, CM इस्तीफा दें जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा, “इंदौर की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। दूषित पानी पीने से लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार के मंत्री असंवेदनशील भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह निंदनीय है।” कांग्रेस ने इस मामले में नगरीय प्रशासन मंत्री और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि हम गांधीवादी तरीके से सोई हुई सरकार को जगाने के लिए घंटी बजा रहे हैं। देखिए प्रदर्शन के दौरान की तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *