आगर मालवा में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास:नगरपालिका ने जेसीबी से हटाया अवैध कब्जा, सामान जब्त

आगर मालवा में बड़ौद चौराहा से सब्जी मंडी मार्ग पर स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया गया। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कचरा डालने के लिए निर्धारित स्थान पर मिट्टी का भराव कर अवैध कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलने पर रविवार को नगरपालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटा दिया। संबंधित स्थान पर गुमटी, एक हाथठेला और लोहे का ठिया रखकर अवैध कब्जा जमाने का प्रयास किया जा रहा था। यह स्थान सार्वजनिक उपयोग के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था से भी जुड़ा है, जिससे अतिक्रमण से आवागमन और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। रविवार दोपहर अतिक्रमण की सूचना मिलते ही नगरपालिका का अमला हरकत में आया। नगर पालिका की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बिना किसी अनुमति के मिट्टी डालकर स्थान को समतल किया जा रहा था और वहां अवैध रूप से संरचनाएं रखी गई थीं। ये सामान किया जब्त नगरपालिका ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से अतिक्रमण के लिए रखी गई गुमटी, हाथठेला और लोहे के ठिया को जब्त कर लिया। जब्त किए गए सभी सामानों को पुरानी नगरपालिका परिसर में सुरक्षित रखवाया गया। इसके अतिरिक्त, मौके पर डाली गई मिट्टी के भराव को वहीं फैलाकर पुनः समतल कर दिया गया, ताकि स्थान का उपयोग पूर्व की तरह सार्वजनिक हित में हो सके। इस पूरी कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), स्वच्छता निरीक्षक बसंत दुलगज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *