राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत रविवार को बालोतरा में एक वाहन रैली का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। यह रैली 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा-टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” का प्रचार-प्रसार करने के लिए निकाली गई। पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने बताया- पुलिस अधीक्षक रमेश ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बालोतरा सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य गौतम गहलोत सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सड़क सुरक्षा नियमों के पालना की अपील पुलिस अधीक्षक रमेश ने इस मौके पर आमजन को संबोधित करते हुए कहा- सड़क सुरक्षा हमारे जीवन की मूलभूत आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि वाहनों का सुरक्षित संचालन ही सड़क सुरक्षा की मूल भावना है। यदि आमजन समय रहते सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें, तो दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है, जो समाज के हित में होगा। ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे उन्होंने यह भी बताया- सड़क सुरक्षा महीने के दौरान जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान में पुलिस, परिवहन, शिक्षा, चिकित्सा, श्रम विभाग, नगरीय निकायों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाएं, एनजीओ, मोटर ड्राइविंग स्कूल, फिटनेस सेंटर और वाहन डीलर भी सक्रिय रूप से सहभागी बनेंगे। कार्यक्रम की इसी कड़ी में, वाहन रैली के दौरान विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। इसके माध्यम से आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित करने के लिए सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।


