सूरजपुर जिले के द्वारिकानगर में छेरता मनाने के दौरान युवक को उसके ससुर, साले सहित अन्य ने लाठी-डंडों से बेदम पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। युवक ने प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत नहीं थी। मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के द्वारिकानगर निवासी युवक राम लल्लू अगरिया (30 वर्ष) ने 4 साल पहले गांव के ही टिकेश्वरी सिंह से प्रेम विवाह किया था। अंतरजातीय विवाह होने के कारण ससुराल पक्ष के लोग खासे नाराज थे एवं दोनों परिवारों के बीच बातचीत नहीं थी। शनिवार को ग्रामीण छेरता त्योहार मना रहे थे। इस दौरान राम लल्लू अगरिया घर में था। ससुराल पक्ष के लोगों ने किया हमला
शाम करीब चार बजे राम लल्लू के ससुर ठाकुर सिंह, साला गेंद बिहारी, चाचा ससुर जलजीत सिंह सहित सहित 7-8 लोग लाठी-डंडे व टांगी से लैस होकर उसके घर पहुंचे एवं डंडे से बेदम पिटाई शुरू कर दी। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप घायल हो गया। बीच बचाव करने पहुंचे राम लल्लू के भाई अनिल अगरिया को भी चोटें आईं। मारपीट के बीच गांव वाले पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। हॉस्पिटल में मौत, हत्या का अपराध दर्ज
गंभीर रूप से घायल राम लल्लू को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर में दाखिल कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम पश्चात परिजनों को सौंप दिया है। मामले में लटोरी पुलिस ने ससुर सहित अन्य के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


