सोशल मीडिया पर बहस के बाद आमने-सामने हुए दो गुट, फिर फायरिंग में एक युवक घायल

भास्कर न्यूज|लुधियाना टिब्बा इलाके के शक्ति नगर में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक गुट ने फायरिंग कर दी, जिसमें 22 वर्षीय युवक बलराज चौहान गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक को गंभीर हालत में सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। आए दिन सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को खुली चुनौती दी जा रही थी। शनिवार देर रात भी दोनों पक्षों ने सोशल मीडिया पर आमने-सामने होने की बात कही और शक्ति नगर में मिलने का फैसला किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और बात हिंसा तक पहुंच गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिब्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोनों गुटों के युवक तेजधार हथियारों से लैस थे, जबकि एक गुट के पास अवैध पिस्तौल भी थी। झड़प के दौरान अचानक फायरिंग हुई, जिससे बलराज चौहान की पीठ में गोली लग गई। थाना टिब्बा के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि घायल युवक अपने साथियों के साथ मौके पर मौजूद था और उनके पास भी तेजधार हथियार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इससे पहले भी दोनों गुटों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं और सोशल मीडिया पर धमकियां देना आम बात बन गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों काका, विषु और चाइना की पहचान कर ली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *