कोरबा| शुक्रवार को केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी में विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह केन्द्रीय विद्यालय के नॉमिनी चेयरमैन केएन सिंह के सम्मान किया गया था। जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य एसके साहू द्वारा केएन सिंह का पुष्पगुच्छ, शॉल व श्रीफल भेंट कर स्वागत से किया गया। विद्यालय परिवार ने अपनी परंपरा के अनुरूप मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। प्राचार्य साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सिंह के कुशल नेतृत्व और सुझावों ने विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। वरिष्ठ शिक्षिका अर्चना खरे ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने सिंह के मिलनसार व्यक्तित्व और विद्यालय के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा करते हुए, समस्त स्टाफ की ओर से उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


