ग्रामीण खेल उत्सव: गिल्ली डंडा से लेकर कब्बडी व लोक नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा कुआकोंडा में रविवार से तीन दिवसीय जिला स्तरीय ग्रामीण खेल-कूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी परंपरा, खेल संस्कृति और सामाजिक एकता को सशक्त करना है। प्रतियोगिता का आयोजन बाबा कोंडराज आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सर्व आदिवासी समाज कोया-कुटमा समाज के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक देवती कर्मा, छविंद्र कर्मा, सर्व आदिवासी समाज के सुरेश कर्मा, कोया कुटमा समाज के अध्यक्ष बल्लू भवानी, आयोजन समिति के अध्यक्ष भीमसेन मंडावी एवं संरक्षक अवधेश गौतम सहित समाज के प्रमुख लोगों की उपस्थिति में हुआ। आदिवासी परंपरा के अनुसार खेल उत्सव से पहले बाबा कोंडराज का ध्वज फहराया गया। इसके बाद देशी मदिरा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधिवत पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुआ, फिर खेल प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। आयोजन में क्षेत्रभर के सरपंचों को आमंत्रित किया गया है, जो अपने-अपने गांवों से खिलाड़ियों की टीम लेकर पहुंचे हैं। खेल मैदान में पारंपरिक उल्लास, ढोल-नगाड़ों की गूंज और दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का समापन पारंपरिक समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इन खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम: तीन दिवसीय प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए खेल आयोजित किए गए हैं। इनमें महिला कबड्डी, वॉलीबॉल, कुर्सी दौड़, गोला फेंक, गिल्ली-डंडा और आदिवासी लोक नृत्य प्रमुख हैं। खास बात यह है कि सभी खेलों में महिला और पुरुष खिलाड़ियों को समान पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन में पारंपरिक खेलों को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके। महिला कबड्डी में प्रथम पुरस्कार 10 हजार नगद व 10 कुकर, द्वितीय 5 हजार व 10 कढ़ाई, तृतीय 2500 नकद व 10 थाली रखे गए हैं। वॉलीबॉल में प्रथम को 7 हजार व 10 ट्रैक सूट, द्वितीय को 3500 नकद व 10 बैग, तृतीय को 2100 नकद व 10 टिफिन दिए जाएंगे। कुर्सी दौड़ में प्रथम 2 हजार व टॉर्च, द्वितीय 1500 नगद व कंबल मिलेगा। गोला फेंक में प्रथम 1500 नगद व टॉर्च, द्वितीय 1000 नगद व थाली, तृतीय 500 नगद। आदिवासी लोक नृत्य में प्रथम 7 हजार नगद व 10 ट्रैक सूट, द्वितीय 5 हजार नगद व 10 बैग, तृतीय 2500 नगद व 10 टिफिन तथा गिल्ली-डंडा में प्रथम 1500 नगद व टॉर्च, द्वितीय 1000 नगद व थर्मस का पुरस्कार रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *