उचित मूल्य की दुकान चलाने शासकीय भवन की मांग की

भास्कर न्यूज | दाढ़ी नपं दाढ़ी में स्वसहायता समूह के माध्यम से संचालित उचित मूल्य की राशन दुकान के लिए भवन की जरूरत है। नपं के अधीन व्यवसायिक परिसर में दुकान की मांग राशन दुकान समूह ने किया है। वर्तमान में राशन दुकान किराए के भवन में चल रहा है, जिससे समूह को आर्थिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। जबकि नपं के पुराने कांप्लेक्स भवन में ताला लगा हुआ है। राशन दुकान को सरकारी भवन मिल जाने से एक नियत स्थान पर दुकान संचालन करने की सुविधा मिलेगी। राशन दुकान संचालक नंदकुमार जायसवाल ने बताया कि नपं के जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया। आज तक उन्हें व्यावसायिक परिसर में जगह नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण दो अलग-अलग वार्ड में दुकान का संचालन किया जा रहा है। नपं दाढ़ी के सीएमओ रमेश ध्रुव ने बताया कि अभी तक दुकान संचालक द्वारा किसी भी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया है, जिसके कारण दुकान के आवंटन नहीं किया गया है। नपं बनने के पूर्व ग्राम पंचायत के माध्यम से दाढ़ी में व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया गया था। जहां पर बिना परिषद निर्णय के ही अवैध रूप से व्यावसायिक परिसर में दूसरे लोगों को दुकान व्यवसाय करने के लिए दिया गया है, जिससे पार्षदों में नाराजगी बनी हुई है। कांग्रेसी पार्षद मन संतोष चंद्राकर, उत्तम तंबोली, दिलीप चंद्राकर ने बताया कि नपं बनने पूर्व ग्राम पंचायत के माध्यम से सरकार द्वारा स्वीकृत राशि से व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया गया था, जिसका आवंटन दुकानदारों को नहीं हो पाया था। इसमें अतिक्रमण कर निजी तौर पर दुकान का संचालन किया जा रहा है। जबकि नपं द्वारा किसी भी व्यक्ति को फिलहाल दुकान का आवंटन नहीं किया गया है। राशन दुकान संचालन के लिए नपं के अधीन व्यावसायिक परिसर में जगह होने के बावजूद नियमित रूप से संचालित हो सके सरकारी राशन दुकान को जगह का आवंटन नहीं किया जा रहा है। इससे लोगों को राशन लेने अलग-अलग वार्ड में भटकना पड़ रहा है। पार्षदों ने राशन दुकान के लिए व्यावसायिक परिसर में उपलब्ध दुकान आरक्षित करने की मांग की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *