ग्वालियर मेले की पार्किंग में अनियमितता:खुले पैसे न होने का बहाना कर रख रहे ज्यादा रुपए,एक पर्ची पर तीन-तीन वाहन कर रहे पार्क

ग्वालियर व्यापार मेले में पार्किंग व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिससे मेले में पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप हैं कि पार्किंग कर्मचारी खुले पैसे न होने का बहाना बनाकर तय शुल्क से अधिक राशि वसूली कर रहे हैं, वहीं एक ही सीरियल नंबर की पर्ची पर तीन-तीन वाहनों को रख रहे हैं। बीते रविवार को मेले की पार्किंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में दिखाया गया कि पार्किंग में गाड़ी खड़ी नहीं करने पर एक व्यक्ति की गाड़ी को पार्किंग कर्मचारी द्वारा हटाया जा रहा है। इस घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की, जिसमें पार्किंग व्यवस्था से जुड़ी कई खामियां उजागर हुईं। एक करोड़ का ठेका जानकारी के अनुसार, मेले की पार्किंग व्यवस्था के लिए करीब एक करोड़ रुपए से अधिक का ठेका दिया गया है, जिसकी राशि ठेकेदार द्वारा मेला प्राधिकरण को जमा कराई जा चुकी है। ठेके की शर्तों के तहत ठेकेदार की जिम्मेदारी है कि वह मुख्य गेट के पास, सूर्य नमस्कार चौराहे, ऑटोमोबाइल सेक्टर के पास और दुल्लपुर रोड के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर उचित इंतजाम सुनिश्चित करे और निर्धारित शुल्क पर ही वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराए। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। मौके पर पार्किंग की कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था दिखाई नहीं दी। वाहनों को ऊबड़-खाबड़ और अव्यवस्थित स्थानों पर खड़ा करवाया जा रहा है, जिससे मेले में आने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आगंतुकों ने प्रशासन और मेला प्राधिकरण से पार्किंग व्यवस्था में सुधार और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *