इंदौर के प्राणी संग्रहालय में जंगल सफारी थिएटर का काम अंतिम दौर में चल रहा है और वहां मॉडर्न टेक्नालॉजी के माध्यम से दर्शकों को वन्यजीवों की वास्तविक दुनिया का अनुभव होगा। थिएटर में 40 लोगों के बैठने की क्षमता रहेगी और इसमें दर्शक खुद को जंगलों से घिरा हुआ महसूस करेंगे। फरवरी में इसे शुरू करने की तैयारी चल रही है। पिछले कई दिनों से प्राणी संग्रहालय में 14-डी जंगल सफारी थिएटर का काम शुरू कराया गया था और इसके लिए पीपीपी मॉडल पर एक एजेंसी को काम सौंपा गया है। मप्र में 14-डी जंगल सफारी का पहला प्रोजेक्ट है। निगम अधिकारियों के मुताबिक यह थिएटर दर्शकों के लिए बड़ी सुविधा रहेगी। इसमें उन्नत विजुअल इफेक्ट, मोशन-इनेबल्ड सिटिंग, सराउंड के साथ-साथ एक रोमांचक यात्रा होगी, जहां दर्शक खुद को जंगलों से घिरा हुआ महसूस करेगी। अगर स्क्रीन पर तेज हवा के झोंके चलेंगे तो वो भी दर्शकों को महसूस होंगे। इसके अलावा कई और प्रयोग किए जा रहे हैं। यह एक हाई आक्टेन आकर्षण होगा। टेक्नालॉजी से इस प्रकार जंगल एडवेंचर का प्रस्तुतिकरण होगा। थिएटर में प्रति शो में 40 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। थिएटर का प्रवेश द्वार एक गोरिल्ला की प्रतिकृति का बनाया जा रहा है। 14 डी क्या होता है? चिड़ियाघर अधिकारियों के मुताबिक 14-डी का मतलब है कि 14 प्रकार की विभिन्न खासियत हैं, जो 2डी या 3डी फिल्मों से कहीं आगे है और इसमें दर्शक को हर थीम पर लगता है कि वह सीन के हिस्सों में खुद भी शामिल है। इस प्रकार के प्रयोग एडवेंचर, वाइल्ड लाइफ, और सिमुलेशन बेस्ड शो में लोकप्रिय रहते हैं। थिएटर का काम तेजी से चल रहा है और जनवरी में इसे शुरू करने की तैयारियां भी है।


