यूपी का शूटर अशोकनगर में पिस्टल के साथ गिरफ्तार:पांच लाख में सुपारी लेकर हत्या करने आया था; बुलाने वाला भी पकड़ाया

अशोकनगर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के एक शूटर को हत्या की सुपारी लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह शूटर जगीरा उर्फ राजकुमार यादव की हत्या के लिए ₹5 लाख की सुपारी लेकर आया था। पुलिस ने उसे घटना को अंजाम देने से पहले ही भसुआ मंडी से पिस्टल के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान अयोध्या निवासी कपिल दुबे के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शूटर को बुलाने वाले मुख्य आरोपी संजीव यादव दमदमा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। संजीव ने इस शूटर को ललितपुर के जीतू गुप्ता के माध्यम से संपर्क किया था। जीतू गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम उत्तरप्रदेश रवाना हो गई है। अंशु दीक्षित गैंग का सदस्य रहा है
गिरफ्तार शूटर कपिल दुबे का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह कुख्यात गैंगस्टर अंशु दीक्षित की गैंग का सदस्य रहा है। पूर्व में डबल मर्डर के एक मामले में फरार रहते हुए उसने भोपाल में उत्तरप्रदेश एसटीएफ और भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस पर जानलेवा हमला किया था। चार महीने पहले ही जेल से छूटा था
इस घटना में एसटीएफ के उपनिरीक्षक संदीप मिश्रा और भोपाल क्राइम ब्रांच के आरक्षक राघवेंद्र पांडे को गोलियां लगी थीं। कपिल दुबे इस मामले में 10 साल की सजा काटकर चार महीने पहले ही जेल से छूटा था। पुलिस के अनुसार, संजीव यादव दमदमा और जगीरा उर्फ राजकुमार यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और उनके खिलाफ कई पुलिस केस दर्ज हैं। अशोकनगर में यह पहला मामला है जब किसी की हत्या के लिए सुपारी किलर को बुलाया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *