पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक मां ने कलेक्ट्रेट के सामने मोर्चा खोल दिया है। अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण के मामले में करीब साढ़े तीन महीने बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से व्यथित होकर पीड़िता मां ने आज से आमरण अनशन शुरू कर दिया है। मामला झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ तहसील के भोज नगर का है। अनशन पर बैठी मां ने जिला कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण 19 सितंबर 2025 को हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाना गोठड़ा में नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़िता मां का आरोप है कि घटना को हुए 107 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस प्रशासन अभी तक उनकी बेटी का पता लगाने में पूरी तरह नाकाम रहा है। अनशनकारी मां ने कहा है कि जब तक उनकी बेटी को बरामद नहीं किया जाता, वे अनशन पर बैठी रहेंगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि मैं अन्न-जल का त्याग कर रही हूं, जब तक बेटी नहीं मिलती तब तक अन्न जल त्याग देगी। स्थानीय निवासियों में भी रोष है।


