मिण्डासरी गांव का बस स्टैंड बना ‘शोपीस’:बसों के ठहराव की मांग को लेकर छात्रों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

डीडवाना के मिण्डासरी गांव में बस स्टैंड की सुविधाएं होने के बावजूद बसों के ठहराव नहीं होने से ग्रामीण और विद्यार्थी परेशान हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्रों और ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बसों के नियमित ठहराव की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मिण्डासरी गांव में वर्षों पहले बस स्टैंड का निर्माण किया गया था। इसके बावजूद न तो सरकारी रोडवेज बसें और न ही निजी बसें यहां रुकती हैं। इस कारण विद्यार्थियों को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भी अस्पताल जाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। छात्रों ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही बसों का नियमित ठहराव शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण और छात्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान समस्त ग्रामवासियों की ओर से नागरमल मिण्डासरी, विक्रम, संजना चैनसुख, संदीप, संजय, मुकेश, द्रोपति, कृष्ण और श्यामसुन्दर सहित अनेक छात्र व ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *