सिटी रिपोर्टर | रांची महाकुंभ मेले में जाने के लिए राजधानीवासियों को रेलवे ने तोहफा दिया है। रविवार को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से रांच- टूंडला कुंभ स्पेशल ट्रेन को सुबह 10.30 बजे रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी व दीपक प्रकाश, रांची रेल मंडल रेल प्रबंध जसप्रीत सिंह बिंद्रा व विधायक सीपी सिंह की मौजूदगी में रवाना किया गया। इससे पहले प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। पूरे ट्रेन को फूल-मालाओं से सजाया गया था। स्टेशन पर आए लोगों के जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे से रांची रेलवे स्टेशन गूंज उठा। रवानगी के दौरान पुष्प वर्षा भी श्रद्धालुओं ने की। इस मौके पर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार, रेलवे के कई अधिकारी व सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। ट्रेन के सभी 18 कोच बिल्कुल नए थे। ट्रेन की सभी सीटें भरी हुई थीं। इसमें करीब 1300 पैसेंजर थे। ट्रेन में एसएलआरडी का 1 कोच, जनरेटर यान का 1 कोच, सामान्य श्रेणी के 8 कोच, वातानुकूलित 3-टियर के 3 कोच, वातानुकूलित 3-टियर ईकोनॉमी के 4 कोच व वातानुकूलित 2-टियर का 1 कोच, कुल 18 कोच हैं। जनवरी में कुंभ स्पेशल 3 ट्रेनें और कुंभ जाएंगी। आगामी दिनों में रांची स्टेशन से गुजरने वाली प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों और यहां से खुलने वाली कुंभ स्पेशल ट्रेन में से ज्यादातर में वेटिंग चल रही है।


