सीधी के सेमरिया में हनुमानगढ़ तिराहे पर स्थित एक कियोस्क बैंक में संचालक पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। हॉकी और डंडों से लैस हमलावरों ने बैंक संचालक विनोद कुमार साकेत को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं संचालक का इलाज किया जा रहा है। अचानक बैंक में घुसे, हॉकी-डंडों से मारा स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक से आए 3 हमलावरों ने सड़क किनारे अपना वाहन खड़ा किया और अचानक बैंक में घुस गए। दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने संचालक विनोद कुमार साकेत पर हमला किया और बैंक में रखे लैपटॉप, प्रिंटर और नोट गिनने की मशीन को तोड़ दिया। इस दौरान बैंक में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों की आक्रामकता देखकर ग्राहकों में भगदड़ मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को घेर लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया इसके बाद सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घायल संचालक विनोद कुमार साकेत को प्राथमिक उपचार के बाद सेमरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संचालक ने सुरक्षा की मांग की विनोद कुमार साकेत ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी और यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है। उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग की है। थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने बताया आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच कर रहे है, ताकि हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।


